राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना की प्रगति में वास्तविक स्थिति उपलब्ध न करा पाने के कारण विक्रमजोत और बनकटी के प्रभारी चिकित्साधिकारियों का वेतन रोक दिया गया है। इसके अलावा लापरवाही के आरोप में चार ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजरों को सीएमओ ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दुबौलिया पीएचसी की प्रगति को और बेहतर बनाने के लिए अपर सीएमओ डॉ. फख्रेयार को वहां का अतिरिक्त प्रभार दिया गया।
शनिवार की देर शाम सीएमओ डॉ. जेएलएम कुशवाहा ने एनएचएम की समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा के दौरान सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों के पेंच कसे। एनएचएम के कार्यक्रमों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उक्त प्रभारियों का वेतन रोका है। सीएमओ ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे एनएचएम में खर्च होने वाले धनराशि का पुनर्निरीक्षण कर लेखा-जोखा प्रस्तुत करें। इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं है। जिले के गौर, परशुरामपुर, विक्रमजोत और दुुबौलिया के बीसीपीएम को कार्यक्रमों को ठीक ढंग से संचालित न करने के चलते कारण बताओ नोटिस थमाया गया।
समीक्षा के दौरान मिशन इंद्रधनुष पर भी सीएमओ ने नजर डाली। उन्होंने मिशन से संबंधित अपडेट उन बच्चों की सूची तलब की है जो टीकाकरण से वंचित हैं। इसमें शामिल बच्चों का स्थलीय सत्यापन एएनएम करा कर सूची सप्ताह भर में सीएमओ को उपलब्ध कराएंगी।