पेड़ से गिरकर किशोर, हादसे में बाइक सवार घायल
मुंडेरवा। बस्ती-कांटे मार्ग पर उमरी अहरा गांव का किशोर रविवार को जामुन तोड़ते समय पेड़ से गिरकर घायल हो गया। उसे देखने के लिए बाइक सवार रुका, जो तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ग्राम उमरी अहरा निवासी पंद्रह वर्षीय सुधीर कांटे मार्ग पर सड़क के किनारे पेड़ पर चढ़कर जामुन तोड़ रहा था। अचानक पैर फिसल जाने से वह गिर गया, जिससे उसकी कमर में काफी चोटें आई। इस दौरान कांटे की तरफ से मोटरसाइकिल से गुजर रहे बोदवल बाजार निवासी नसीरुद्दीन हसन रुक कर उसे देखने लगे।
तभी बस्ती से गोरखपुर की ओर जा रही कार की चपेट में वह आ गए। हादसे में उनके सिर, हाथ और पैर में चोट आई। नसीरुद्दीन हसन अपने चाचा को संतकबीरनगर एक निजी अस्पताल ले गए। दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरवा ले जाया गया था, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था।