शहर के एक स्कूल के पास हुआ हादसा, चालू हालत में कार छोड़कर भागे किशोर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के एक स्कूल के पास बेकाबू कार अचानक दीवार से जा टकराई तो लोग चौंक गए। नजदीक जाकर देखा तो कार की ड्राइविंग सीट पर 13-14 वर्ष का छात्र बैठा था। बगल की सीट पर भी किशोर बैठा था। गनीमत रही कि टक्कर लगने के बाद कार का एयरबैग खुल गया और दोनों बाल-बाल बच गई।
बताया जा रहा है कि कक्षा नौ का छात्र कार लेकर आया था। उसके साथी ने कार चलाने की जिद की तो उसने उसे स्टेयरिंग थमा दी। जैसे ही वह कार लेकर चला तो वह अनियंत्रित हो गई। टक्कर के बाद दोनों चालू हालत में कार छोड़कर भाग गए। आसपास के लोगों ने कार को बंद कर पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर कोतवाली राणा देवेंद्र सिंह ने कहा कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। आसपास के लोगों ने बताया कि इस तरह की लापरवाही पर अभिभावक पर कार्रवाई होनी चाहिए। लोगों का कहना है कि कोई सामने पड़ा होता तो कुचलकर मौत हो सकती थी।