अज्ञात वाहन की चपेट में आने से किशोर की मौत
महराजगंज (बस्ती)। हाईवे पर स्थित महराजगंज कस्बे के नरायनपुर तिवारी मोड़ पर शनिवार को भोर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची महराजगंज चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की सूचना परिजनों को दी।
हर्रैया थाना क्षेत्र के पिनेसर गांव निवासी कलाम मोहम्मद (16) शनिवार को भोर में घर से महराजगंज बाजार में दिल्ली से आ रहे अपने बड़े भाई अब्दुल हमीद को लेने गए थे। शनिवार को तड़के जैसे ही वह महराजगंज कस्बे के नरायनपुर मोड़ पर पहुंच सर्विस रोड पर बाइक खड़ी कर रहे थे, तभी बाइक बाएं साइड गिर गई।
उसे उठाने के लिए कलाम मोहम्मद प्रयास कर रहे थे, तभी हर्रैया की तरफ से आ रही तेज रप्तार अज्ञात वाहन उन्हें कुचलते हुई निकल गई। जिससे कलाम मोहम्मद की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे महराजगंज चौकी प्रभारी ललितकांत यादव ने परिजनों को सूचना दी। हर्रैया के थाना प्रभारी शैलेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।