बहुप्रतीक्षित परिषदीय विद्यालयों की सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा रविवार को मंडल मुख्यालय पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। शिक्षक परीक्षा कुल सात परीक्षा केंद्रों पर हुई। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के लिए सात पर्यवेक्षक, सात स्टेटिक मजिस्ट्रेट, तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट, दो सचल दल सहित जिला विद्यालय निरीक्षक और प्रभारी जिलाधिकारी निरीक्षण करते रहे।
सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा में पास परीक्षार्थियों को परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण का मौका मिलेगा। जिले के किसान इंटर कॉलेज बस्ती, खैर इंटर कॉलेज, बेगम खैर इंटर कॉलेज, श्री कृष्ण इंटर कॉलेज, ओमनी इन्टर नेशनल स्कूल, श्रीमती कृष्ण कुमारी इंटर कॉलेज और सेंट जेवियर्स स्कूल परीक्षा केंद्र बने थे। बस्ती मंडल में कुल 3141 आवेदकों ने आवेदन किया था, लेकिन सख्ती के चलते 588 लोगों ने परीक्षा छोड़ दी और कुल 2553 ने ही शिक्षक भर्ती परीक्षा में प्रतिभाग किया। इस परीक्षा में शिक्षामित्रों सहित बीटीसी पास प्रमाण पत्र धारी लोग शामिल हुए। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुबह से अभिभावकों और परीक्षार्थियों की भारी भीड़ जमा रही। जिला विद्यालय निरीक्षक बृज भूषण मौर्य ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई है। कापियां ट्रेजरी में डबल लॉक में सुरक्षित कर दी गई हैं।
ओएमआर शीट में 10 तो रोलनंबर 11 अंकों में
शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए बनाई गई ओएमआर शीट से परीक्षार्थियों में ऊहापोह की स्थिति देखी गई। क्योंकि ओएमआर सीट एक कंप्यूटर रीडिंग पेज होता है और इस पर किसी तरह की ओवरराइटिंग और फ्लूड लगाना वर्जित होता है। जबकि सभी परीक्षार्थियों को ओएमआर शीट पर पेन से खुद एक कालम बनाना पड़ा है। कारण यह कि परीक्षार्थियों के अनुक्रमांक 11 अंकों के थे जबकि ओएमआर शीट पर भरने के लिए केवल 10 अंकों की जगह बनाई गई थी। परीक्षा देकर निकले कई परीक्षार्थियों ने इस गलती के लिए पूरी तरह भर्ती बोर्ड को जिम्मेदार बताया। इस बाबत डीआईओएस डॉ. बृजभूषण मौर्य ने बताया कि यह समस्या इलाहाबाद में बताई गई। जहां से निर्देश हुआ कि परीक्षार्थी पेन से ही आगे एक कॉलम बढ़ा लें। इसका मूल्यांकन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।