बस्ती। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बहादुरपुर में तीन दिवसीय स्काउट गाइड शिविर का उद्घाटन ध्वजारोहण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डा. आरएस पांडेय ने कहा कि स्काउट गाइड को शैक्षणिक आंदोलन बनाए जाने की जरूरत है। स्काउट गाइड के प्रशिक्षण से जीवन में अनुशासन और विश्व बंधुत्व की भावना का विकास होता है।
इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सरस्वती वंदना ‘हे शारदे मां’ स्वागत गीत- अवनि ऐ अंबर ऐ जलवे सुहाने’ को विद्यालय की सोनी खान, सीमा राजभर, रीनू गौतम, सृष्टि सोनी, निधि, प्रिया, अंतिमा, दीक्षा, उमा ने प्रस्तुत किया।
जिला स्काउट मास्टर डा. कुलदीप सिंह ने पहले दिन सैल्यूट के प्रकार, सैल्यूट करने की बारीकियों की जानकारी देते हुए सेंस गेम को रोचक रूप से प्रस्तुत किया। जिला गाइड कैप्टन सत्या पांडेय ने विद्यार्थियों को स्काउटिंग, गाइडिंग के संक्षिप्त इतिहास, भारत में स्काउट गाइड के उद्भव एवं विकास, नियम प्रतिज्ञा, झंडा गीत, विभिन्न प्रकार की तालियों मसलन शाबाश ताली, वर्षा ताली, स्वागत ताली, विशेष ताली आदि के बारे में बताया। बच्चों से मैसेंजर ऑफ पीस का चिह्न बनवाकर विश्व शांति का संदेश दिलाया गया। उद्घाटन अवसर पर वार्डेन नीलम पांडेय, मधुलिका यादव, रेनू सिंह, शांति गुप्ता, पूर्णिमा शुक्ल, शशि किरन, महिमा पांडेय, अर्चना यादव, संगीता यादव, पुष्पलता, मनोज, महेंद्र आदि मौजूद रहे।