बस्ती। टीईटी की अनिवार्यता के सवाल पर शिक्षकों का देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। जिले के विभिन्न ब्लॉकों में शिक्षकों ने हस्ताक्षर कर राष्ट्रपति, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री और बेसिक शिक्षा मंत्री को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन भेजा।
दुबौलिया में जिला उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह व ब्लाॅक मंत्री त्रिलोकीनाथ, परशुरामपुर में संरक्षक सतीश शंकर शुक्ल, मंत्री राजीव पांडेय, अखिलेश त्रिपाठी तथा बस्ती सदर में मंत्री विजय प्रकाश वर्मा, संयुक्त मंत्री विनोद गौतम, वंदना मिश्र, प्रियंका चतुर्वेदी, शालिनी द्विवेदी, लक्ष्मण दूबे, प्रेमलता, आदित्य प्रकाश, दुर्गा उपाध्याय, नुजहत बानों, सुधा त्रिपाठी, गीता दूबे आदि ने हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया।
संघ जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद शिक्षकों का आंदोलन चरणबद्ध ढंग से जारी है, पर केंद्र सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह नियमों में संशोधन कर शिक्षकों की समस्या का समाधान करे। बताया कि एक नवंबर को ऑनलाइन उपस्थिति के निर्णय के विरोध में शिक्षक शास्त्री चौक से पैदल मार्च निकालकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे।
उन्होंने बताया कि तीन नवंबर को नगर क्षेत्र, चार को दुबौलिया, छह को बनकटी, सात बस्ती सदर, 11 रुधौली और 13 नवंबर को विक्रमजोत में अधिवेशन और पदाधिकारियों का चुनाव बीआरसी केंद्रों पर संपन्न होगा।