संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती । उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को 18 सूत्री मांगों को लेकर जन प्रतिनिधियों को ज्ञापन दिया। जिलाध्यक्ष चंद्रिका सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियोें, शिक्षकों ने पुरानी पेंशन नीति बहाली के साथ ही 18 सूत्री मांगों को लेकर बस्ती सदर विधायक महेंद्रनाथ यादव, कप्तानगंज विधायक कविंद्र चौधरी ‘अतुल’ महादेवा विधायक दूधराम को ज्ञापन सौंपा। विधायकों ने शिक्षकों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर निस्तारण हेतु हर संभव प्रयास करेंगे।
जिला मंत्री बाल कृष्ण ओझा ने बताया कि 18 सूत्री मांगों में पुरानी पेंशन नीति बहाली, राज्य कर्मचारियोें की भांति शिक्षकोें को कैश लेश चिकित्सा व अन्य सुविधा दिए जाने, परिषदीय विद्यालयोें में पदोन्नति, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण, प्रतिकर अवकाश, विद्यालय में अध्ययन समयावधि, माध्यमिक की भांति चयन वेतनमान, ऑनलाइन कार्यों पर रोक, प्रोन्नति वेतनमान, दिव्यांग शिक्षकोें को वाहन भत्ता, मृतक शिक्षकों के आश्रितों को शिक्षक पद पर नियुक्ति, परिषदीय विद्यालयों पर लिपिक व चौकीदार नियुक्त किए जाने आदि की मांग शामिल है।
जिला कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव ने बताया कि यदि मांगे न मानी गई तो चार सितंबर को बीएसए कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। इस मौके पर सुधीर तिवारी, अविनाश दूबे, शिवशंकर यादव, अनिल पाठक, बृजेश मिश्र, सनद पटेल, हरेंद्र यादव, संतोष मिश्र, सुरेश गौड़, प्रवीन श्रीवास्तव, मंगला मौर्या, प्रमोद पांडेय, वेद प्रकाश, गौरव चौधरी सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे।