हर्रैया। नगर पंचायत के मुरादीपुर गांव में नाली के मामले को लेकर शुक्रवार को जमकर विवाद हुआ। एक पक्ष शिकायत लेकर थाने पहुंचा। बताया जा रहा है कि वहां से कार से लौटते समय फ्लाईओवर पर बाइक सवार हिस्ट्रीशीटर ने साथियों के साथ पीछा करके कार पर फायरिंग की। कार सवार लोग घबराकर छावनी की तरफ भागे और थाने के अंदर कार खड़ी की। बाद में हर्रैया पुलिस छावनी थाने जाकर उन्हें वापस ले आई। सोशल मीडिया पर फायरिंग का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि एसएचओ देवेंद्र सिंह राणा के मुताबिक फायरिंग की बात को अफवाह बताया है।
मुरादीपुर में सुरेंद्र वर्मा ने प्रापर्टी डीलर इसी गांव निवासी विराट तिवारी के सहयोग से एक जमीन खरीदी थी। शुक्रवार को वह इस पर निर्माण करा रहे थे। गांव निवासी शिव नंदन तिवारी व मनीष तिवारी ने दो फिट जमीन नाली छोड़ने की बात को लेकर काम बंद करा दिया। इसी बात को लेकर विराट तिवारी, सुरेंद्र वर्मा के साथ थाने पर पैरवी करने गए थे। बताया जा रहा है कि शाम को वह लोग कार से लौट रहे थे। इस बीच फोरलेन के फ्लाईओवर पर बाइक से आए कुछ मनबढ़ों ने कार पर पीछे से फायर किया। आवाज सुनकर विराट ने साइड शीशे में देखकर कार आगे बढ़ा दर।
आरोप है कि एक बाइक पर आगे चल रहे तीन मनबढ़ों में से किसी ने फिर फायर किया। विराट तिवारी के साथ कार में बैठे लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। विराट तिवारी ने बताया कि आरोपियों में दो मुरादीपुर थाना हर्रैया व एक परशुरामपुर थाने का रहने वाला है। इनमें एक थाने का हिस्ट्रीशीटर और एक गांजा तस्करी में जेल भेजा जा चुका है। वह सभी मनीष तिवारी के साथी हैं। घटना से घबराकर वह कार लेकर फैजाबाद की तरफ भाग निकले व छावनी थाने पहुंचकर जान बचाई।
कोतवाल राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जमीन विवाद से जुड़ा मामला है। फायरिंग की घटना की जानकरी में नहीं है।