परसरामपुर में बैठक करते शिक्षक। स्रोत संगठन
बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। 11वीं बार जिलाध्यक्ष चुने गए उदयशंकर शुक्ल जहां अपना अभिनंदन करा रहे हैं, वहीं परसरामपुर के ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र कुमार वर्मा को उनके पद से बर्खास्त कर देने से शिक्षकों में रोष है।
देवेंद्र की बर्खास्तगी के विरोध में मंगलवार को शिक्षकों की आकस्मिक बैठक परसरामपुर ब्लाॅक पर हुई और मांग की गई कि बर्खास्तगी को वापस लेकर पारदर्शी ढंग से चुनाव कराया जाय। परसरामपुर के ब्लॉक अध्यक्ष देवेन्द्र ने कहा कि बिना उनका पक्ष सुना ही नहीं गया।
शिक्षकों ने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष ने अलोकतांत्रिक तरीके से बिना नोटिस अथवा पक्ष सुने ब्लॉक अध्यक्ष को बर्खास्त कर दिया। शिक्षकों का कहना है कि द्वेष वश ये कार्रवाई की गई है। बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने जिला कार्यकारिणी को पत्र लिखकर मांग की कि यह अलोकतांत्रिक निर्णय तत्काल वापस लिया जाए।
बैठक में ब्लॉक उपाध्यक्ष अरविंद पाण्डेय, पंच बहादुर यादव, विवेकानंद वर्मा, सत्य प्रकाश पाठक, शोभाराम वर्मा, अजय कुमार पांडेय, हरि मूर्ति चौधरी, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा, संयुक्त मंत्री विजय कनौजिया आदि मौजूद रहे।