बस्ती। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता एवं एसपी डाॅ. यशवीर सिंह की उपस्थिति में हुई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभाग समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय, संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बालको द्वारा ई-रिक्शा वाहन का प्रयोग न किया जाए। इसके लिए सघन अभियान चलाया जाए। एनएचआई से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना के समय गैस कटर, एंबुलेंस, क्रेन सहित अन्य व्यवस्थाओं को तत्काल उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध कट, टूटी रेलिंग को तत्काल सही कराया जाए। उन्होंने प्रवर्तन से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हेलमेट, सीटबेल्ट प्रयोग न करने वाले, नशे की हालत में वाहन चलाने वाले, ओवर स्पीड, दो पहिया वाहन पर तीन सवारी के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करें।