बस्ती शहर के एक होटल में रह रहे चार कश्मीरियों से संदेह के आधार पर पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ में चारों ने बताया कि लखनऊ के रिफ्यूजी कैंप से चंदा इकट्ठा करने आए हैं। खुफिया एजेंसियों से पुष्टि कराने के बाद बृहस्पतिवार शाम उन्हें रिहा कर दिया गया।
पड़ोसी जनपद संतकबीरनगर व कलवारी के बेइली में दूल्हा-दुल्हन को बंधक बनाकर लूटपाट करके भागे बदमाशों की खोज में भारी दल बल के साथ एसपी शैलेश कुमार पांडेय बुधवार देर रात सघन चेकिंग कर रहे थे। जब हाईवे पर कहीं उनका सुराग नहीं लगा तो पूरी टीम शहर के होटल- ढाबों को खंगालने जा पहुंची।
इसी दौरान सत्यम गेस्ट हाउस में चार कश्मीरी मिले। जिनके नाम शाहिद अहमद शाह पुत्र मो.लतीफ शाह, वजाह अहमद मीर पुत्र तारिक अहमद मीर, मो. उमर शाह पुत्र वसी अहमद मीर और सुहेल अहमद शाह पुत्र मंजूर अहमद शाह हैं। उन सबने खुद को जम्मू-कश्मीर के बड़गाम जिले के माधम थानाक्षेत्र के गोम्मुरा गांव का रहने वाला बताया। पुलिस चारों को पूछताछ के लिए थाने ले आई। एसपी ने बताया कि आइबी, एलआईयू, स्पेशल ब्रांच सहित तमाम एजेंसियों ने उनसे बारी-बारी पूछताछ की। एटीएस के इंस्पेक्टर ने लखनऊ के कैंप से चारों की पुष्टि कराने के बाद उन्हें बृहस्पतिवार शाम रिहा कर दिया गया।