बस्ती। प्रचंड गर्मी से जनजीवन बेहाल है। रविवार को मानो आसमान से बरस रही हो। हालांकि शनिवार की अपेक्षा रविवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट लेकिन, न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि से लोग बिलबिला उठे। घरों में लगे पंखे और कूलर भी गर्मी से निजात नहीं दिला पा रहे थे।
ऊपर से गर्म पछुआ हवाएं शरीर को झुलसा रही थीं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। लोगों का कहना है कि इस साल मई महीने में बेहंतहां गर्मी पड़ी है। कभी 40 तो कभी 44 डिग्री सेल्सियस तापमान जीना दुश्वार कर दिया।
24 से 26 मई तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा। इधर, अधिकतम तापमान में गिरावट आ रही है तो न्यूनतम तापमान बढ़त पर है। इससे उमस बढ़ती जा रही है। तपती गर्म हवाओं ने सड़कों पर लोगाें का निकलना मुश्किल कर दिया। दोपहर में सड़कों पर लोगों की आमदरफ्त काफी कम रही।
जो सड़क पर थे वह भी अपने चेहरे को पूरी तरह ढक कर चल रहे थे। वैसे रविवार होने से सड़काें पर चहल पहल कम रही। जिन लोगों की घरों से निकलने की मजबूरी थी, वे धूप और लू से बचाने के उपाय कर निकले। दोपहर में राहगीर छांव और शीतल पेय की तलाश करते देखे जा रहे हैं।
---------------
एक सप्ताह का तापमान
-------------------
तिथि अधिकतम न्यूनतम
31 मई 41 29
30 मई 42 27
29 मई 43 28
28 मई 42 28
27 मई 42 28
26 मई 44 27
25 मई 44 27
अभी जारी रहेगी मौसम की बेरहमी
नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय में मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पद्माकर त्रिपाठी के अनुसार दक्षिण पश्चिम की ओर से आ रही गर्म पछुआ हवाओं के कारण मौसम में तपिश बढ़ी है। लू का प्रकोप अधिक हुआ है। इस माह में सूरज की तपिश से निजात मिलने की संभावना कम है।
बाजार में बढ़ी तरबूज और खरबूज की बिक्री
गर्मी से निजात पाने के लिए लोग इन दिनाें पानी वाले फल का सेवन खूब कर रहे हैं। इसके चलते बाजार में दोनों फलों की बिक्री बढ़ गई है। ठेले पर लादकर गलियों में तरबूज बेचने वाले हर दिन पहुंच रहे हैं। 10-15 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिल रहे इन मौसमी फलों का लोग खूब सेवन कर रहे हैं।
लू से बचने के लिए बरतें सतर्कता
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉक्टर जुनैद अहमद का कहना है कि तेज धूप के चलते शरीर से पसीना निकल रहा है। इससे शरीर में पानी और नमक की कमी हो रही है। इसलिए घर से निकलते वक्त सिर और चेहरे को यथासंभव ढककर निकलें।
शरीर में नमक व पानी की कमी दूर करने के लिए जहां बड़े लोग नीबू, पानी व नमक का सेवन दिन में दो तीन बार करें। शिकंजी और आम का पना का सेवन करना भी लाभप्रद है। बच्चों के शरीर में भी पानी की कमी न होने दें। यथासंभव उनको पूछकर पानी पिलाते रहें। ओआरएस का घोल भी देते रहें।