23 घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची वैष्णो देवी-कटरा अप
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। समर स्पेशल ट्रेनों की भीड़ से ट्रैक पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में नियमित चलने वालीं एक्सप्रेस ट्रेनों लगातार देरी से चल रही हैं। बुधवार को 23 घंटे देरी से बस्ती रेलवे स्टेशन पर वैष्णो देवी-कटरा अप एक्सप्रेस ट्रेन पहुंची। स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को भीषण गर्मी के चलते परेशान होना पड़ा रहा है।
स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्री सुनील कुमार, तिलकराम ने बताया कि जम्मू कटरा तक की यात्रा करना है। ट्रेन के विलंब होने से गर्मी के चलते दिनचर्या बिगड़ गई है।अब कुछ समझ में नहीं आ रहा है की यात्रा कैसे किया जाए। क्योंकि घर से जो सामान रास्ते में खाने-पीने के लिए साथ में लाया था। वह भी खत्म हो गया है। पैसा भी इतना नहीं है कि हर सामान खरीद कर खाया जाए। इन लोगों ने बताया कि रेल की लापरवाही का खामियाजा यात्रियों को भुगतनी पड़ रही है।
काफी दिनों से ट्रेनों की लेटलेतीफी जारी है। बावजूद इसके रेलवे बोर्ड ट्रेनों का संचालन अपने निर्धारित समय से नहीं कर पा रहा है। रेलवे समय सारिणी के अनुसार, डाउन गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 9 घंटे,अवध अप एक्सप्रेस ट्रेन 2 घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली अप एक्सप्रेस 4 घंटे,बरौनी-नई दिल्ली क्लोन अप एक्सप्रेस 3 घंटे एवं वैष्णो देवी-कटरा अप एक्सप्रेस ट्रेन 23 घंटे की देरी से चल रही है।