विक्रमजोत। गन्ने की प्रति बीघा पैदावार बढ़ाने और किसानों की आय में इजाफा करने के लिए रौजागांव चीनी मिल की ओर से किसानों को उन्नत खेती के तरीकों की जानकारी दी गई।
शनिवार को विक्रमजोत गन्ना विकास समिति क्षेत्र के खेमकरिया गांव में आयोजित किसान बैठक में चीनी मिल के गन्ना प्रबंधक संदीप सिंह ने गन्ना सीजन, शरदकालीन बोआई और अक्तूबर में किए जाने वाले जरूरी कृषि कार्यों पर चर्चा की। किसानों से शरदकालीन गन्ने की बुवाई समय से पूरी करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि खेत की बेहतर तैयारी, गुणवत्तापूर्ण बीज का चयन और सही समय पर बुवाई गन्ने की अच्छी पैदावार के लिए महत्वपूर्ण हैं। किसानों को नई शीघ्र गन्ना प्रजातियों के चयन एवं बोआई की जानकारी भी दी गई।
डिस्टेंस प्लांटिंग और सहफसली खेती पर जोर
बैठक में उचित दूरी पर गन्ना बोआई यानी डिस्टेंस प्लांटिंग के फायदे बताए गए। साथ ही सहफसली खेती अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया, जिससे गन्ने के साथ दूसरी फसल से भी अतिरिक्त आमदनी प्राप्त की जा सके। किसानों को बताया गया कि उन्नत तकनीकों और वैज्ञानिक खेती के तरीकों को अपनाकर प्रति बीघा उत्पादन बढ़ाने की दिशा में बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। संवादा