बभनान। बलरामपुर चीनी यूनिट में नए पेराई सत्र का शुभारंभ 20 नवंबर को सुबह आठ बजे से होगा। इसके एक दिन पहले यानी 19 नवंबर से मिल के सभी 80 गन्ना क्रय केंद्रों और मिल गेट पर तौल शुरू हो जाएगी। मिल प्रबंधन ने गन्ना खरीद और परिवहन की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बलरामपुर ग्रुप की बभनान चीनी मिल इस पेराई सत्र में बस्ती और गोंडा जिले के किसानों से गन्ने की खरीद करेगी। इसके लिए बस्ती जिले की बभनान, गौर, टिनिच, गोविंदनगर और विक्रमजोत समितियों के साथ गोंडा जिले की गौरा चौकी और मनकापुर समितियों के माध्यम से क्रय केंद्र संचालित किए जाएंगे। मिल गेट के अलावा दोनों जिलों में कुल 80 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। गन्ने के परिवहन के लिए भी ट्रांसपोर्ट प्रबंधन की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
मिल के बॉयलर में 23 अक्तूबर को ही आग जलाई जा चुकी है। इसके बाद से पेराई सत्र की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। बृहस्पतिवार को इंडेंट पूजन के बाद इंडेंट जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई। बभनान चीनी मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) दिनेश राय ने बताया कि 20 नवंबर को सुबह आठ बजे से पेराई सत्र शुरू हो जाएगा। किसानों को इस बार क्रय केंद्रों पर गन्ने की उतरवाई का शुल्क नहीं देना होगा। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि कोई उतरवाई के नाम पर रकम मांगता है तो उसे भुगतान न करें और इसकी शिकायत करें। 19 नवंबर से सभी क्रय केंद्रों के साथ मिल गेट पर भी गन्ने की तौल शुरू हो जाएगी।