बस्ती चीनी मिल की नीलामी के अफवाह को दरकिनार कर बुधवार को सदर तहसील परिसर में मिल के पार्ट्स की नीलामी हुई। 195 पार्ट्स की नीलामी हुई। नीलामी एक करोड़ से अधिक में हुई। तहसीलदार अनिल कुमार रस्तोगी ने बताया कि मिल के पार्ट्स की नीलामी की प्रक्रिया पूरी हो गई। बताया कि श्रम विभाग की ओर से मिल के खिलाफ 88 लाख रुपये की आरसी जारी की गई थी, जिसके सापेक्ष नीलामी की गई। बताया कि इस नीलामी प्रक्रिया में देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों ने भाग लिया।
श्रम उप आयुक्त विनोद शंकर मिश्र की ओर से बस्ती चीनी मिल में कार्यरत नियमित लगभग 50 श्रमिकों का वेतन मिल प्रबंधक आदेश जारी करने के बाद भी नहीं दिया जा रहा था, इसके लिए मिल के विरुद्ध आरसी जारी की गई। इसी के सापेक्ष में बुधवार को तहसीलदार अनिल रस्तोगी और नायब तहसीलदार अमरचंद्र वर्मा की देखरेख में मिल के पार्ट्स की नीलामी की प्रक्रिया पूरी की गई। नीलामी से पूर्व पार्ट्स की लागत 84 लाख 45 हजार रुपये से अधिक आंकी गई थी। जोकि एक करोड़ से अधिक में नीलामी हुई। जिन पार्ट्स की नीलामी हुई, उनमें कांटा, बेल्ट कन्वेर, क्रेन विद कंट्रोल यूनिट, लोडर, लेवलर, कटर, फाइबलाइजर, केबल, पैनल, वेयर, कंडेक्टर सीट, स्कार्ट हाईड्रा, बोलेरो जीप, बाट और स्टोर में उपलब्ध टूल इक्यूपमेंट बैरिंग शामिल हैं। उप श्रम आयुक्त विनोद शंकर मिश्र ने बताया कि नीलामी से प्राप्त धन से पहले कर्मियों के बकाए वेतन का भुगतान होगा।