युवक जा रहा था जान देने, पुलिस ने बचाया
पिता के फोन करने पर पहुंची सक्रिय हुई पुलिस टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरानी बस्ती। स्थानीय पुलिस ने पांडेय बाजार निवासी एक युवक को उस समय बचा लिया, जब वह आत्महत्या की कोशिश कर रहा था। पीआरवी की त्वरित कार्रवाई पर युवक के घरवालों व स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीम की प्रशंसा की।
बुधवार रात लगभग साढ़े दस बजे पांडेय बाजार निवासी एक शख्स ने पुरानी बस्ती पुलिस को सूचना दी कि उसके बेटे ने परिवार के अन्य सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया है। मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर गैस सिलिंडर में आग लगाकर आत्महत्या करने जा रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पीआरवी टीम के हेड कांस्टेबल राम कृपाल पाल, कांस्टेबल सर्वजीत यादव ,चालक अश्वनी कुमार उपाध्याय ने भीतर से बंद मेन दरवाजे को खोलने का प्रयास किया। न खुलने पर थानाध्यक्ष को जानकारी दी। मुख्य और अंदर के दरवाजे को तोड़ते हुए कमरे में बंद परिजनों को सकुशल बाहर निकाला गया। थानाध्यक्ष पुरानी बस्ती अवधेश राज सिंह ने बताया कि युवक के कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जिसमें फिनायल की खाली शीशी पड़ी हुई थी। संभवत: उसने उसे पी लिया था। तत्काल पीआरबी 0850 की टीम ने इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां कुछ देर बाद उसकी स्थिति में सुधार होने पर डॉक्टर ने उसे डिस्चार्ज कर दिया गया।