आपरेशन करने वाले डॉक्टर और मरीज।
- फोटो : amar ujala
बस्ती। जिले के ओपेक चिकित्सालय कैली के डॉक्टर अब सफलतापूर्वक विश्वस्तरीय सर्जरी की बदौलत पीड़ितों को राहत भरी जिंदगी देने की कोशिश कर रहे हैं। कैली में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. तारिक जमील खान ने 40 वर्षीय अंगद की रीढ़ की हड्डी का सफल ऑपरेशन किया है। इस ऑपरेशन के बाद अंगद अब सामान्य जिंदगी जी सकते हैं।
बस्ती के चिकित्सीय इतिहास में यह उपलब्धि पहली बार हासिल हुई है। अंगद दो माह पूर्व छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उनका बहुत उपचार हुआ, मगर उन्हें राहत न मिली। रीढ़ में गंभीर चोट के कारण उनके दोनों पैर लगभग चेतनाशून्य हो चुके थे। अंत में परिवार के लोग उन्हें उपचार के लिए ओपेक चिकित्सालय ले आए। यहां तमाम जांचों के बाद डॉ. तारिक जमील व उनकी टीम ने स्पाइनल सर्जरी का निर्णय लिया। 11 जुलाई को पेडिकल स्क्रू फिक्सेशन तकनीक के माध्यम से डॉ. तारिक ने अंगद का सफल ऑपरेशन किया। जिले एवं कैली हॉस्पिटल में पहली बार ऐसी सर्जरी हुई। डॉ. तारिक जमील खान ने बताया कि चोट पुरानी होने व मरीज के कमजोर होने के कारण ऑपरेशन बेहद जटिल था। रीढ़ का सबसे मजबूत भाग होने के कारण पेडिकल स्क्रू डालना अत्यंत कठिन होता है। थेरेसिक स्पाइन में स्क्रू डालने से लकवा या नसों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका रहती है। उन्होंने बताया कि अंगद अब पूरी तरह स्वस्थ हैं।
ओपेक चिकित्सालय कैली सीएमएस डॉ. सोमेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि स्पाइनल सर्जरी के लिए मरीजों को अब दिल्ली, मुंबई या अन्य महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। पहले अस्पताल में सी आर्म्स मशीन न होने के कारण ऐसे रोगियों को उपचार के लिए अन्य जगह भेजना पड़ता था। अब यहां यह मशीन उपलब्ध है, जिसके माध्यम से डॉ. तारिक ने अंगद का पहला सफल स्पाइनल सर्जरी की है। कैली में मरीजों की जरूरत के मुताबिक अन्य अत्याधुनिक संसाधनों की भी उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।