एपीएन पीजी कॉलेज में नशा मुक्ति को लेकर शपथ दिलाते प्राचार्य स्रोत कॉलेज
बस्ती। एपीएन पीजी कॉलेज में शुक्रवार को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अभय प्रताप सिंह ने कहा कि नशा शरीर और आत्मा दोनों का नाश कर देता है। प्रधानमंत्री की विकसित भारत की संकल्पना तभी साकार हो सकेगी, जब देश का युवा सशक्त और स्वस्थ होगा। यह तभी संभव है, जब युवा नशे की लत से दूर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य और भविष्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कई विद्यार्थियों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। एनसीसी की छात्राओं ने नाटिका का मंचन कर नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार दूबे ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, एनएसएस के स्वयंसेवक और स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहे।