बस्ती। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष मस्तराम वर्मा के नेतृत्व में जनपद स्तरीय कर्मचारी समस्याओं के समाधान के लिए बृहस्पतिवार को डीएम रवीश गुप्ता को मांग पत्र सौंपा गया। डीएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर समस्याओं का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।
18 सूत्री मांगों में तीन वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके कर्मचारियों को स्थायी घोषित किये जाने, 10, 16, 26 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके कर्मचारियों को एसीपी का लाभ देने, देर रात्रि तक कार्यालय खोलकर कर्मचारियों से कार्य कराने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने, लोक निर्माण विभाग के राजकीय काॅलोनियों के आवासों की मरम्मत, मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय में हृदय रोग और न्यूरो चिकित्सक की तैनाती किए जाने आदि मांगें शामिल हैं।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष राम अधार पाल ने बताया कि डीएम ने बिंदुवार समस्याओं को समझा और आश्वासन दिया है कि इसका प्रभावी समाधान कराया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से परिषद के जिला मंत्री तौलू प्रसाद, कोषागार कर्मचारी संघ के मंत्री आलोक श्रीवास्तव, राजस्व संग्रह अमीन संघ के पूर्व अध्यक्ष उमेश वर्मा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष रामचरन, मनोज कुमार आदि शामिल रहे। संवादर