महिला के जेवर लेकर भागे टप्पेबाज
हर्रैया के बभनान फ्लाईओवर के पास हुई घटना
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन में जुटी पुलिस
बस्ती। भूत-प्रेत का साया होने का भय दिखाकर तीन टप्पेबाज महिला से जेवरात समेत पर्स लेकर भाग निकले। ठगी का एहसास होने पर महिला हर्रैया थाने पहुंची। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से टप्पेबाजों का सुराग लगाने में जुट गई।
नगर पंचायत हर्रैया के वार्ड नंबर सात गांधीनगर निवासी आशा देवी पत्नी अर्जुन का कहना है कि सोमवार को ब्लॉक पर ई-श्रम कार्ड बनवाने पैदल जा रही थीं। बभनान ओवरब्रिज के पास बाइक सवार तीन युवक आए। एक ने दीदी कहकर बुलाया। खुद को परिचित बताते हुए बातों में उलझा लिया। बोला कि आप पर भूत-प्रेत का साया है। आशा देवी का कहना है कि वह उसकी बातों में उलझ गईं। इसके बाद बोला उसके शरीर में भगवान हनुमान आते हैं। परेशानी से छुटकारा चाहती हो तो काने के दोनों झाला व पर्स देकर 11 कदम आगे और 31 कदम पीछे चलो। इसके बाद भूत-प्रेत का साया मिट जाएगा। उनकी बातों में आकर वह चलने के लिए पीछे मुड़ गईं। इसी बीच तीनों टप्पेबाज बाइक से भाग निकले। आशा देवी के अनुसार करीब 15 हजार रुपये का सोने का झाला, मोबाइल फोन, पासबुक, आधार कार्ड के साथ घर के मुख्य दरवाजे की चाभी लेकर टप्पेबाज भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।