बस्ती। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बस्ती में सोमवार को नवाचार, रचनात्मक सोच और उद्यमिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम विकसित नवाचार संस्कृति एवं उद्यमिता (डीआईसीई) पहल के तहत भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बस्ती की ओर से आयोजित किया गया।
कॉलेज के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के सह आचार्य डॉ. कौशल किशोर ने विद्यार्थियों को नवाचार, रचनात्मक चिंतन, समस्या की पहचान और समाधान विकसित करने के साथ ही उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नवाचार की शुरुआत किसी समस्या की पहचान और उसके लिए रचनात्मक एवं व्यावहारिक समाधान तलाशने से होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को नए विचारों को केवल सोच तक सीमित न रखने, बल्कि उन्हें उपयोगी परियोजनाओं और वास्तविक समाधानों में बदलने के लिए प्रेरित किया। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने सवाल पूछे, जिनका डॉ. कौशल किशोर ने जवाब देकर मार्गदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रमेश कुमार मल्ल, रंजीत विश्वकर्मा, राकेश कुमार, आलोक कुमार सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।