प्रधानाचार्य को हटाए जाने के विरोध में आक्रोशित छात्रों को समझाते प्रशासनिक अधिकारी व अन्य स्
हर्रैया। अटल आवासीय विद्यालय बसेवा राय के प्रधानाचार्य को हटाए जाने के विरोध में शुक्रवार को छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और प्रधानाचार्य को पुनः तैनात करने की मांग उठाई।
स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब छात्रों को शांत कराने पहुंचे एक शिक्षक के साथ कुछ छात्रों की हाथापाई हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी हर्रैया उमाकांत तिवारी, क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह, उप श्रमायुक्त रचना केसरवानी समेत अन्य अधिकारी पहुंच गए। अधिकारियों ने छात्रों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। करीब एक बजे निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने के बाद छात्र शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
प्रशासन के अनुसार, प्रधानाचार्य सुशील त्यागी को कार्य में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के आरोपों की जांच के बाद पद से हटाया गया है।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि विद्यालय के कुछ छात्रों का प्रधानाचार्य से विशेष लगाव था। उनके हटाए जाने की सूचना मिलने पर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच कुछ छात्रों ने विद्यालय स्टाफ पर मारपीट करने तथा भोजन सही ढंग से उपलब्ध न कराने के आरोप भी लगाए हैं। प्रशासन का कहना है कि इन आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विद्यालय में स्थिति सामान्य है।
वहीं, पूर्व प्रधानाचार्य सुशील त्यागी का कहना है कि उनसे नियमों के विरुद्ध कार्य करने के लिए कहा गया था। विरोध करने पर उन्हें पद से हटा दिया गया। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इस विवाद का असर छात्रों की पढ़ाई पर नहीं पड़ना चाहिए।