सोशल मीडिया पर अश्लील तस्वीर डालने से आहत छात्रा ने दी जान
बभनान (बस्ती)। सोशल मीडिया पर अश्लील तस्वीर डालने से आहत एक छात्रा द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना थाना छपिया क्षेत्र के एक गांव की है।
मृतका के पिता ने बताया कि उनकी 19 वर्षीय पुत्री ने शुक्रवार को जहर खा लिया। रात में उसे उपचार के लिए मसकनवा ले जया गया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय अयोध्या भेज दिया गया। शनिवार सुबह साढ़े छह बजे उसकी मौत हो गई।
पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने कहा है कि एक युवक काफी दिनों से उनकी बेटी की फोटो व भद्दे कमेंट सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा था। इसकी शिकायत उन्होंने शुक्रवार को छपिया थाने पर की थी। पिता के अनुसार उसकी बेटी ने भी इसकी शिकायत महिला हेल्प लाइन पर की थी, लेकिन आरोपी के विरुद्घ कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
जिससे मानसिक रूप से परेशान होकर उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली। एसओ छपिया संजय तोमर ने कहा कि युवक पर आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच हो रही है।