संयुक्त बार की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। राजस्व परिषद के अध्यक्ष हेमंत राव से अधिवक्ताओं ने बुधवार को मुलाकात की थी। अध्यक्ष के अनुरोध पर अधिवक्ता संगठनों के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को सशर्त हड़ताल स्थगित कर काम पर लौटने का निर्णय लिया।
बृहस्पतिवार को सिविल बार सभागार में संयुक्त बार की आमसभा की हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए सिविल बार के प्रभारी अध्यक्ष वामदेव मिश्र ने साथियों को अवगत कराया कि राजस्व परिषद के अध्यक्ष ने प्रत्यावेदन और अभिलेख की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने अनुरोध किया है कि हड़ताल खत्म कर दी जाएगा। इस बारे में सिविल, जनपदर, यंग और कमिश्नर्स बार के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई है। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि 11 मार्च तक हड़ताल को स्थगित किया जाता है।
इस दौरान अधिवक्ता न्यायालयों के कामकाज पूर्व की भांति करेंगे। साथ ही, राजस्व व चकबंदी न्यायालयों के कामकाज का अवलोकन करते रहेंगे। यदि न्यायिक अधिकारियाें का कार्य विधि अनुसार पाया जाता तो हड़ताल को समाप्त कर दिया जाएगा अन्यथा दोबारा कार्य बहिष्कार पर विचार किया जाएगा। वरिष्ठ अधिवक्ता के प्रस्ताव का अधिवक्ताओं ने समर्थन करते हुए काम पर लौटने का निर्णय लिया। इस मौके पर सिविल बार के महामंत्री दयाशंकर दुबे, रामरक्षा शुक्ल, शेषनाथ पाठक, गोपेंद्र गुप्ता, भूपेश कुमार शुक्ल, शिवाकांत तिवारी आदि मौजूद रहे।