बस्ती। जिला महिला अस्पताल में लापरवाही पर सीएमएस डॉ. अनिल कुमार ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए ड्यूटी के प्रति सजग रहने और बेहतर उपचार की सुविधा मुहैया कराए जाने संबंधी पत्र जारी किया है। कहा कि लापरवाही और धनउगाही की शिकायत पर संबंधित पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएस डॉ. अनिल कुमार ने पत्र जारी कर कहा है कि प्राय: अस्पताल की नकारात्मक खबरें प्रकाशित हो रही हैं। इससे अस्पताल की छवि खराब हो रही है। सभी कर्मी, डॉक्टर यह सुनिश्चत करें कि किसी भी मरीज के साथ गलत व्यवहार न करें। मृदुल भाषा का प्रयोग कर मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा दें। कहा कि यदि धनउगाही या फिर किसी भी प्रकार की शिकायतें मिली तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। बाहर की दवाएं न लिखें। जन औषधि केंद्र से दवा लेने के लिए भी प्रेरित कर सकते हैं। ड्यूटी पर अपने ड्रेस में रहे। ऐसा न करने पर अनुपस्थित करते हुए वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी। कहा कि नाइट ड्यूटी में चीफ फार्मासिस्ट और फार्मासिस्ट आमतौर पर अपनी ड्यूटी नहीं कर रहे, यह स्थिति बेहद खराब है। अपनी ड्यूटी स्वयं करें, इसकी पुनरावृत्ति न हो। कहा कि मरीजों के साथ गलत व्यवहार किए जाने की शिकायत मिल रही है। यह ठीक नहीं है। कहा कि पूरी रिपोर्ट गोपनीय ढंग से तैयार की जा रही। ऐसे में सजग होकर ड्यूटी करें।