शुक्रवार की देर शाम नमक के किल्लत की अफवाह ने लोगों की नींद हराम कर दी। देर रात तक नमक खरीदने के लिए लोग भागते रहे। प्रशासनिक कड़ाई और हकीकत सामने आने के बाद शनिवार दोपहर से स्थिति सामान्य हुई।
अफवाह के चलते हालात इतने बदतर हो गए थे कि नमक के लिए कई स्थानों पर रात में दुकानदारों और ग्राहकों के बीच नोकझोंक तक होती रही। रात 11 बजे तक लोग बस्ती शहर में नमक की तलाश करते दिखे। एक दुकान से महज एक घंटे में ढाई क्विंटल तक नमक रात में ही बिक गया। दुकानदार भी पहले तो कुछ नहीं समझ पाए, मगर जब लोग 10-10 पैकेट नमक खरीदने लगे तो उन्हें भी माजरा समझने में देर नहीं लगी। 18 रुपये पैकेट वाले नमक को 100 रुपये में बेचना शुरू कर दिए। मंगल बाजार, गांधीनगर, कटरा सहित कई स्थानों पर दुकानदारों से दाम को लेकर कहा सुनी भी हुई। दक्षिणी दरवाजे पर पुलिस के सख्त होने से बवाल होते होते बचा। आवास विकास कॉलोनी में किराने की दुकान करने वाले शहंकार गुप्ता ने बताया कि रात में उनकी दुकान से देखते देखते ढाई क्विंटल नमक बिक गया। अभी पर्याप्त नमक है और वह प्रिंट रेट पर ही उपलब्ध करा रहे हैं।
माना जा रहा है कि शासन प्रशासन के कड़े रूख और नमक को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी के बाद स्थितियां सामान्य हुई है। कटरा निवासी दुुकानदार नोमान ने बताया कि दूसरे दिन नमक खरीदने वालों की संख्या नाम मात्र की रह गई। गनेशपुर के किराना व्यवसायी वीरेंद्र जायसवाल, शंभू गुप्ता का कहना है कि शुक्रवार की रात लोग दुकान खुलवाकर नमक मांगते रहे, मगर शनिवार को स्थितियां बदल गईं।