बस्ती। गोरखपुर में पशु तस्करों के तांडव के बाद बस्ती पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। बुधवार रात हाईवे पर जगह-जगह बैरिकेडिंग कर संदिग्ध वाहनों की गहन चेकिंग की गई। पुलिस अधिकारियों की टीम देर रात तक सक्रिय रही।
एसपी अभिनंदन, एएसपी ओपी सिंह ने छावनी टोल प्लाजा पर एसओ जनार्दन प्रसाद के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की चेकिंग, बैरिकेडिंग व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी का जायजा लिया तथा पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पिछले कुछ महीनों से जिले में पशु तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। जनवरी-फरवरी में महादेवा क्षेत्र में तस्करों ने पुलिस पार्टी पर पिकअप चढ़ाने का प्रयास किया था। इसके बाद हुई मुठभेड़ में बिहार के तस्कर गिरफ्तार किए गए थे।
इसी तरह पुरानी बस्ती, सबदेइया, छावनी, परशुरामपुर और नगर थाना क्षेत्रों में भी पुलिस की तस्करों से कई बार मुठभेड़ हो चुकी है। लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस की संवेदनशीलता और सख्ती और बढ़ गई है। आए दिन पशुओं से भरे वाहन पकड़े जा रहे हैं, जिससे हाईवे पर सतर्कता का स्तर ऊंचा हो गया है।