रेलवे बोर्ड ने जारी किया नोटिफिकेशन
स्थानीय यात्रियों को मिलेगी सहूलियत
संवाद न्यूज एजेंसी
गौर। 12 मार्च से गौर और बभनान रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के लिए रेलवे बोर्ड ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। चार वर्ष बाद एक बार फिर गौर रेलवे स्टेशन पर बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव शुरू होने जा रहा है। जबकि बभनान रेलवे स्टेशन पर पांच एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होगा। इससे स्थानीय यात्रियों को बड़े शहरों में आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बीच स्थित गौर और बभनान रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मंजूरी मिलने से यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। वहीं व्यापारियों का व्यापार भी बढ़ेगा। 28 फरवरी को रेल मंत्रालय की ओर से एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मंजूरी दी गई थी। अब रेलवे बोर्ड ने समयसारिणी निर्धारित कर दिया गया है। 12 मार्च से गौर रेलवे स्टेशन पर बरौनी-बांद्रा एक्सप्रेस 18:58 बजे आएगी और 19:00 बजे जाएगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 19037 बांद्रा-बरौनी एक्सप्रेस 8:51 बजे आएगी और 8:53 बजे जाएगी। इस ट्रेन का स्टॉपेज दो मिनट के लिए होगा।
बभनान रेलवे स्टेशन पर 12 मार्च से हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस 19:46 बजे आएगी और 19:48 बजे जाएगी। वाराणसी-लखनऊ कृषक एक्सप्रेस 12:53 बजे आएगी और 12: 55 बजे जाएगी। लखनऊ-वाराणसी एक्सप्रेस 3:16 बजे आएगी और 3:18 बजे जाएगी। 14 मार्च से काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस 10:18 बजे आएगी और 10: 20 बजे जाएगी। 15 मार्च से अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस 14:52 बजे आएगी और 14:54 बजे जाएगी। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस 16 मार्च से 6:33 बजे आएगी और 6:35 बजे जाएगी। 13 मार्च से छपरा-मथुरा एक्सप्रेस 9:56 बजे आएगी और 9:58 बजे जाएगी। 14 मार्च को मथुरा-छपरा एक्सप्रेस 11:41 बजे आएगी और 11:43 बजे जाएगी। गोरखधाम एक्सप्रेस 12 मार्च से 18:04 बजे आएगी और 18:00 बजे जाएगी। 14 मार्च से हिसार-गोरखपुर एक्सप्रेस 7:53 बजे आएगी और 7:55 बजे बभनान स्टेशन से आगे के लिए रवाना होगी।
..
बोले लोग
बभनान रेलवे स्टेशन पर व्यापारियों के प्रयास से पांच एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव होने से स्थानीय यात्रियों की अब कम खर्च में बड़े शहरों की यात्रा पूरी होगी। व्यापारियों का व्यापार भी अब आसानी से बढ़ेगा। ट्रेनों के ठहराव से व्यापारियों में खुशी है।
राधेश्याम जायसवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष, बभनान
...
रेलवे बोर्ड की ओर से आदर्श रेलवे स्टेशन गौर पर बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। क्योंकि ट्रेन संचालन के लिए सांसद से लेकर रेलवे के उच्च अधिकारियों को कई बार पत्र दिया गया था, जो अब पूरा हुआ है। इस पिछड़े इलाके के लोगों का मुख्य साधन रेल ही है।
शुभम शुक्ला, परासडीह गौर