रजिस्ट्री कार्यालय में मारपीट करते एक ही परिवार के लोग। संवाद
बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के उप निबंधन कार्यालय के सामने बृहस्पतिवार को भूमि विवाद में दो सौतेले भाइयों के परिवार में जमकर लात-घूसे चले। इसमें एक पक्ष के तीन लोगों को काफी चोटें भी आईं है। हाईवोल्टेज ड्रामा के चलते कार्यालय में लगभग एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
कोतवाली थाने में तहरीर देकर नगर थाना क्षेत्र के समरधीर गांव के रहने वाले धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि उनके पिता उदय राम ने दो शादी की थी। पहली पत्नी उनकी मां उर्मिला देवी है। दस साल तक उनकी मां से संतान न होने पर पिता ने दूसरी शादी चंद्रावती देवी से की थी। चंद्रावती देवी से बालगोविंद समेत चार लड़के और दो लड़कियां तथा बाद में पहली उर्मिला से धर्मेंद्र और उनकी बहन ने जन्म लिया। दोनों मां से मिलाकर धर्मेंद्र पांच भाई समेत भरा पूरा परिवार है।
बृहस्पतिवार को सौतेला भाई बालगोविंद पिता को लेकर संपत्ति का वसीयत कराने रजिस्ट्री कार्यालय पहुंच गया। जानकारी होने पर पत्नी और मां के साथ हमलोग भी रजिस्ट्री कार्यालय पहुंच गए। यहां पिता से वसीयत को लेकर पूछताछ करने के दौरान सौतेल भाई और उनके साथ मौजूद लोग मारपीट करने लगे। शहर कोतवाल मोतीचंद ने बताया कि धर्मेंद्र की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भी भेज दिया गया है।