अदालतों में कामकाज शुरू, स्क्रीनिंग के बाद प्रवेश
बस्ती। हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार शुक्रवार को जिले में न्यायिक कार्य शुरू हो गया। दीवानी न्यायालय गेट नंबर दो पर न्यायालय परिसर में प्रवेश करने वाले कर्मचारी व अधिवक्ताओं की थर्मल स्क्रीनिंग की गई।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश तिवारी के निर्देशानुसार केवल उन्हीं अधिवक्ताओं को जिनके मामलों की सुनवाई होनी थी या प्रार्थना पत्र दाखिल करना था, उन्हें परिसर में प्रवेश दिया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय में सुबह आठ से नौ बजे तक तथा विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी के न्यायालय में नौ से 9:15 बजे तक, विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट की अदालत 9:15 से 9:30 बजे तक सुनवाई हुई। जबकि विशेष न्यायाधीश पाक्सो 9:30 से दस बजे तक एवं गैंगेस्टर कोर्ट में दस से 10:30 बजे तक, सीजेएम कोर्ट में सुनवाई 11 से 12 बजे तक सुनवाई की गई। आपराधिक प्रकृति के नवीन व अर्जेंट मामलों तथा जमानत प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई वर्चुअल कोर्ट के माध्यम से हुई। वर्चुअल कोर्ट के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार जमानत सहित विभिन्न प्रकार के 12 प्रार्थना पत्र दिए गए हैं। अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि सिविल के समस्त मामलों में जनरल तारीख नियत की गई है, जो ई-कोर्ट की वेबसाइट पर उपलब्ध है। न्यायालय परिसर में उपस्थित कर्मचारियों वो अधिवक्ताओं को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया गया।