- जिला अस्पताल की नर्स ने अभद्रता करने का लगाया था आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिला अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स के साथ अभद्रता करने के मामले में पुलिस और अस्पताल प्रशासन की ओर से गठित तीन सदस्यीय टीम ने बयान दर्ज किया। स्टाफ नर्स के बयान के बाद वार्ड ब्वाय से पूछताछ के लिए परिवार के लोगों से संपर्क किया गया है।
जिला अस्पताल के महिला सर्जिकल वार्ड में तैनात स्टाफ नर्स ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 3 अगस्त को वह ड्यूटी रूम में थी। रात में अस्पताल में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मी अचानक ड्यूटी रूम के बाहर लगे दरवाजे के पास नशे की हालत में पहुंचा। अपशब्द कहने लगा। आरोप लगाया कि तीन माह पूर्व भी इसी प्रकार की हरकत की थी।
स्टाफ नर्स की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया था, तभी से वार्ड ब्वाय फरार चल रहा है। गुरुवार को अस्पताल प्रशासन ने आरोपित के परिजनों से संपर्क साधा है। उससे पूछताछ के लिए समय दिया गया है।
एसआइसी डाॅ. वीके सोनकर ने बताया कि मामले की जांच वह भी अपने स्तर से करा रहे हैं। जांच टीम ने महिला कर्मी का बयान ले लिया है। वार्ड ब्वाय से भी बयान लेने का प्रयास किया जा रहा है।