बस्ती। अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे दो दिवसीय जिला
स्तरीय 14 वर्षीय बालक हाकी प्रतियोगिता के आखिरी दिन गुरुवार को फाइनल
मुकाबले में स्टेडियम ट्रेनीज ने द सीएमएस को 4-2 से हराकर खिताब जीता।
फाइनल
में स्टेडियम ट्रेनीज के खिलाड़ियों ने पूरे मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
हाफ टाइम तक स्टेडियम ट्रेनीज तीन गोल से आगे रही। लेकिन दूसरे हाफ में द
सीएमएस के खिलाड़ियों ने भी अपना दमखम दिखाया। लेकिन परिणाम आखिर में
स्टेडियम ट्रेनीज के पक्ष में 4-2 से रहा।
स्टेडियम की टीम की ओर
से सुशील गौड़ ने दो गोल दागे, जबकि ओमजी वर्मा और मोहम्मद सामी ने एक एक
गोल कर टीम को जीत दिलाई। द सीएमएस की ओर से वैभव श्रीवास्तव ने अच्छा खेल
दिखाते हुए दो गोल किया।
मुख्य अतिथि हाकी बस्ती के अध्यक्ष अखिलेश
दुबे व विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी इमरान ने खिलाड़ियों को
विजेता व उपविजेता टीम को ट्राफी देकर पुरस्कृत किया।
वहीं आयोजक
मंडल की ओर से बेहतर खिलाड़ियों व मैच रेफरी को भी सम्मानित किया गया।
क्रीड़ाधिकारी सुरेश बोनकर ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने बेहतर प्रदर्शन से
पूरे समय सभी को प्रभावित किया है। उम्मीद है वे निरंतर इसमें और बेहतरी
करेंगे। इस मौके पर द सीएमएस स्कूल के निदेशक अनूप खरे, हाकी बस्ती के सचिव
तनवीर आलम, ओलपिंक संघ के सचिव अजय श्रीवास्तव, जितेंद्र पटेल, अजय
श्रीवास्तव सहित अन्य खेल प्रेमी उपस्थित रहे।