बस्ती। सभी बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में खेलों की स्थिति सुदृढ़ करने और विद्यालयों में खेल संस्कृति विकसित करने के लिए स्पोर्ट्स फॉर स्कूल (एसफॉरएस) कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। शासन की ओर निर्देश में कहा गया है कि स्पोर्टस फॉर स्कूल के सफल आयोजन के लिए विभिन्न गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जाए, मसलन छात्र-छात्राओं को शारीरिक गतिविधियों और खेलों से जोड़ने से लेकर जिले के प्रत्येक विद्यालय से टीमों का गठन कर उनमें प्रतियोगिता का आयोजन किया जाए।
विद्यालयों की खेल सुविधाओं का अभ्युत्थान किया जाए और इनमें खेल संसाधनों की व्यवस्था की जाए। सभी टीमों को खेल किट उपलब्ध कराया जाए। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से उत्कृष्ट प्रर्दशन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया जाए और चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत विभिन्न खेलों को बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, खेल विभाग, नेहरू युवा केंद्र, युवा कल्याण विभाग सहित अन्य स्वयंसेवी खेल संस्थाओं के साथ समन्वय कर तीन चरणों में कराया जाए। शासन के निर्देशानुसार बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, हॉकी, वास्केटबॉल, फुटबॉल, मलखम्भ, टेबल टेनिस, हैंडबाल, जूडो, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, ताईक्वांडो, शूटिंग, कराटे योग आदि खेल जिले में कराए जाने हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी स्तर से निर्णय लिया जाना है। इसके बाद शासन के निर्देशानुसार कार्रवाई शुरू की जाएगी।