किक बॉक्सिंग में जिले के पांच होनहारों ने जीता स्वर्ण पदक
बस्ती। वाराणसी में आयोजित काशी कप राज्यस्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जिले के आठ हाेनहारों ने पांच स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य पदक जीता है। टीम के प्रशिक्षक करुणेश मणि पाठक ने बताया कि सब जूनियर कैटेगरी में आयुष सोनकर ने स्वर्ण पदक, सीनियर कैटेगरी में अपने-अपने भारवर्ग में राहुल सिंह, महेश वर्मा, कुनाल सोनकर व प्रदीप कुमार ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। जबकि धनंजय सोनकर ने रजत पदक प्राप्त किया।
कैडेट कैटेगरी में अंकित कुमार ने कांस्य पदक जीता। आलोक सोनकर को जूनियर कैटेगरी में हार का सामना करना पड़ा। सभी विजेताओं का चयन नवंबर में किक बाॅक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता का आयोजन वाराणसी में 10 व 11 अगस्त को हुआ था। इसमें प्रदेश के 12 जनपदों की टीमों ने हिस्सा लिया था। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर अर्जुन पंडित, विनय कुमार, ओमप्रकाश शुक्ला, रजनीश मिश्रा, बसंत यादव, अशोक शुक्ला, भानुप्रताप सिंह, सतीश सोनकर, अमन, विशाल, गोविंद मिश्रा, शिवांश पांडेय आदि ने बधाई दी।