बस्ती। माध्यमिक परिषद में खेलकूद गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। एक तरफ जिला एवं मंडल स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन स्टेडियम में किया गया है, वहीं जूनियर विद्यालयों के बच्चे अब कराटे में अपना हुनर दिखाएंगे।
परिषद के माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को कराटे में माहिर बनाया जा रहा है। खेल शिक्षकों के नेतृत्व में विद्यालयवार टीम गठित की गई है। जिन्हें नियमित प्रशिक्षित किया जा रहा है। बालक-बालिकाओं की अलग-अलग टोली कराटे में निपुण बन रही है। इनके लिए जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है। इसकी जिम्मेदारी राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अजगैवा जंगल के प्रधानाध्यापक को सौंपी गई है। 14 सितंबर को इस विद्यालय पर जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विभिन्न आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। कराटे में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर सुबह 8 बजे योग्यता प्रमाण पत्र एवं किट के साथ उपस्थित होना है। वहीं स्टेडियम में आयोजित होने वाली जिला एवं मंडल स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता की तैयारी विभाग ने शुरू कर दी है। डीआईओएस जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि शासन की मंशा है कि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों से भी जुड़े रहे। इसके लिए सभी विद्यालयों में खेलकूद गतिविधियां संचालित की जा रही है।