बस्ती। मंडल में खेल छात्रावास निर्माण की स्वीकृति शासन ने दे दी है। अब मंडल के तीनों जिलों के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण और मौके मिलेंगे। 50 सीट के इस छात्रावास का निर्माण राज्य सहकारी संघ लिमिटेड करेगा। निर्माण में करीब 4.81 करोड़ रुपये खर्च हाेंगे। शासन ने कार्यदायी संस्था को 2.40 करोड़ रुपये की प्रथम किस्त दे दी है।
खेल छात्रावास निर्माण के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण मिलना शुरू हो जाएगा। इसमें प्रवेश के लिए खिलाड़ियों को तीन चरणों में आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। अब खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मानक का प्रशिक्षण लेने के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। वह घर के करीब रहकर ही प्रशिक्षण ले सकेंगे। छात्रावास में रहते हुए अलग-अलग वर्ग की प्रतियोगिताओं में खेलने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे। खेल विभाग के अनुसार, मंडल में छात्रावास निर्माण के लिए 28 अप्रैल 2023 को प्रस्ताव भेजा गया। जिस पर 26 जून 2023 को कैबिनेट और चार जुलाई को खेल निदेशालय ने स्वीकृति दी। इसका निर्माण क्षेत्रीय क्रीड़ा स्टेडियम परिसर में ही होगा। निर्माण स्थल की जांच और स्वीकृति भी मिल चुकी है।
तीन सालों में खुद को करना होता है साबित
खेल छात्रावास में खिलाड़ियों को शासन की ओर से तमाम सुविधाएं दी जाती हैं। इसमें रहने वाले खिलाड़ियों पर ऐसे तमाम नियम लागू होते हैं, जिनका पालन न करने पर उन्हें छात्रावास से बाहर कर दिया जाता है। प्रवेश होने के बाद एक खिलाड़ी महज तीन सालों तक ही छात्रावास में रह सकता है। इससे अधिक समय तक रहने के लिए खिलाड़ियों को तीन सालों में स्टेट या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर खुद को साबित करना होता है। इसके बाद वह पांच सालों तक छात्रावास में रहने का हकदार हो जाता है।
-
सरकार उठाती है खिलाड़ियों का खर्च
खेल छात्रावास में भर्ती होने वाले खिलाड़ियों का सारा खर्च सरकार उठाती है। खिलाड़ियों के खाने, रहने, पढ़ाई व खेल संसाधनों का खर्च सरकार देती है। छात्रावास में रहने वाले खिलाड़ी अपनी पसंद के विद्यालय से शिक्षा ले सकते हैं। सरकार पढ़ाई का भी खर्च उठाती है। उन्हें 375 रुपये प्रतिदिन खाने के लिए मिलेगा। इसके अलावा खेल किट भी दी जाती है।
मंडल स्तर पर खेल छात्रावास निर्माण की स्वीकृत के साथ ही शासन ने धनराशि भी कार्यदायी संस्था का उपलब्ध करा दिया है। यह परियोजना बस्ती, सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर के खिलाड़ियों के लिए सौगात है। जल्द ही इसका निर्माण शुरू हो जाएगा।
-संजय शर्मा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी।