बस्ती। प्रदेश के मऊ में 08-15 अगस्त तक राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। प्रतियोगिता में बस्ती मंडल की टीम भी हिस्सा लेगी। टीम गठन के लिए एक व दो अगस्त को क्षेत्रीय क्रीड़ा स्टेडियम में खिलाड़ियों का चयन ट्रायल लिया गया, जिसमें बस्ती के पांच, संतकबीरनगर के नौ व सिद्धार्थनगर के दो खिलाड़ियों काे चुना गया है।
उल्लेखनीय है कि फुटबाल टीम 11 खिलाड़ियों की होती है, इसके अलावा पांच खिलाड़ियों को टीम में रिजर्व रखा जाता है। किसी खिलाड़ी के चोटिल होने पर रिजर्व टीम के खिलाड़ी को खेलने का मौका मिलता है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि टीम में बस्ती के आदित्य यादव, कार्तिक चौरसिया, विनय, अभिषेक गौतम व अंकुश चौहान और संतकबीरनगर से अश्वनी पटेल, अनुराग यादव, विपिन यादव, सुप्रित यादव, विवेक गुप्ता, निशांत मिश्रा, अभिषेक, आदर्श सिंह, सचिन गुप्ता का चयन हुआ है। सिद्धार्थनगर से युवराज गौड़ व शिवांग पांडेय टीम का हिस्सा हैं।
टीम प्रतियोगिता खेलने सात अगस्त को जिले से रवाना होगी। टीम के साथ बतौर मैनेजर अमित कुमार कन्नौजिया व एक अतिरिक्त स्टाफ अंकुश चौहान को भेजा जाएगा।