बस्ती। प्रदेश के तीन खेल कॉलेजों की फाइनल प्रवेश परीक्षा में मंडल के छह खिलाड़ी चुने गए हैं। इनकी आठ अगस्त से लखनऊ में काउंसलिंग शुरू होगी। उल्लेखनीय है कि मंडल स्तर पर आयोजित प्रारंभिक चयन परीक्षा में 31 खिलाड़ियों का चयन हुआ था। आखिरी व फाइनल चरण की परीक्षा गोरखपुर, सैफई व लखनऊ में 14 से 19 जुलाई तक हुई, जिसमें मंडल से छह खिलाड़ी चुने गए।
प्रदेश में स्पोर्ट्स कॉलेज सोसायटी के अधीन तीन खेल कॉलेज संचालित हैं। इनमें वीर बहादुर स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई और स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ शामिल हैं। उक्त कॉलेजों में खिलाड़ियों का कक्षा-छह में प्रवेश लिया जाता है। प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले खिलाड़ियों को पढ़ाई और प्रशिक्षण का खर्च निदेशालय वहन करता है।
क्षेत्रीय क्रीड़ा स्टेडियम में मंडल स्तर पर 15 जून से चार जुलाई तक प्रारंभिक चयन ट्रायल हुआ। इसमें चुने गए 31 खिलाड़ियों को दूसरे चरण की परीक्षा के लिए संबंधित खेलों के कॉलेजाें में भेजा गया, जिसमें छह खिलाड़ियों का चयन हुआ है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि एथलेटिक्स में रूद्र प्रताप, बैडमिंटन में यथार्थ कुमार, क्रिकेट में अभिराज व सिद्धांतमणि त्रिपाठी, फुटबाॅल में अथर्व त्रिपाठी, वाॅलीबाॅल में सुधा का चयन काउंसलिंग के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों की काउंसलिंग खेल कॉलेज लखनऊ में आठ अगस्त से शुरू होगी।