टिनिच। गौर थाना क्षेत्र के टिनिच पुलिस चौकी के अंतर्गत आमा गांव के सामने सोमवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े खराब इंजन से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 18 वर्षीय अनुराग पुत्र गोपाल निवासी बैतौहा की मौत हो गई। वह चार बहनों का इकलौता भाई था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, अनुराग बाइक से गौर की तरफ से अपने घर लौट रहा था। आमा गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक सड़क किनारे लगे पोल के पास से गुजरते हुए कई बार पलटी और किनारे खड़े खराब इंजन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनुराग उछलकर सड़क पर जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी गौर पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। टिनिच चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुंवर ने बताया कि बाइक चालक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। अनुराग के पिता गोपाल खाड़ी देश में नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मां और चार बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।