बस्ती। होली पर्व को देखते हुए जिला अस्पताल अलर्ट मोड में रहेगा। मंगलवार और बुधवार को विशेष रूप से नेत्र सर्जन व स्किन के चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। जो 24 घंटे सेवा देंगे। इसके अलावा आर्थो व सर्जन भी 24 घंटे ऑनकॉल उपलब्ध रहेंगे।
ऑपरेशन थियेटर की व्यवस्था को चाक चौबंद करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख अधीक्षक जिला चिकित्सालय बस्ती डॉ. खालिद रिजवान अहमद ने बताया कि चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों व कर्मचारियों को मुख्यालय न छोड़ने की हिदायत दी गई है, किसी भी समय आवश्यकता पड़ने पर किसी अधिकारी या कर्मचारी को कॉल किया जा सकता है। ट्रामा सेंटर में चिकित्सक व अन्य स्टॉफ 24 घंटे मौजूद रहेंगे। दवाएं व अन्य सामग्री भरपूर मात्रा में उपलब्ध हैं।
आई ड्राप, एंटीएलर्जिक, एंटीडायरिया की दवा अतिरिक्त में भी रहेगी। उन्होंने बताया कि तीन, चार व पांच मार्च को तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा नेत्र सर्जन, आर्थोपेडिक सर्जन, फिजीशियन, ईएनटी, बालरोग विशेषज्ञ ऑनकॉल उपलब्ध रहेंगे। तीन शिफ्टों में ओटी स्टॉफ की भी ड्यूटी लगाई गई है।