बभनान(बस्ती)। गोंडा-बस्ती रेलखंड पर रविवार की भोर में स्पेशल ट्रेन के पहिये में धातु का टुकड़ा फंसने से चिंगारी निकलने लगी। इसकी सूचना मिलने पर बभनान स्टेशन पर ट्रेन को रोककर जांच की गई। पहिये में धातु का टुकड़ा चिपका मिला। उसे निकालने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके चलते ट्रेन करीब 24 मिनट तक बभनान स्टेशन के मुख्य रेल ट्रैक पर खड़ी रही।
मुजफ्फरपुर से ऋषिकेश जा रही स्पेशल ट्रेन संख्या 04313 के पीछे से छठे कोच में चिंगारी निकलने की सूचना गौर स्टेशन मास्टर और टीएनएल लखनऊ की ओर से दी गई थी। डीएससीआर लखनऊ से मिली सूचना के बाद रेलवे कर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए ट्रेन को रात 3:26 बजे बभनान स्टेशन की मेन लाइन पर रोका। ट्रेन मैनेजर और लोको पायलट ने जांच की तो कोच संख्या 118052-एनआर के पहिये में धातु का टुकड़ा फंसा मिला। मशक्कत के बाद टुकड़ा नहीं निकल सका। इसके बाद गोंडा को सूचना देकर रात 3:50 बजे ट्रेन को रवाना कर दिया गया। आरपीएफ चौकी प्रभारी बभनान विश्वामित्र यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना में किसी तरह का आपराधिक हस्तक्षेप सामने नहीं आया है।