विक्रमजोत। आकांक्षी ब्लॉक विक्रमजोत में शुक्रवार को विशेष सचिव मंगला प्रसाद सिंह ने औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति परखी। इस दौरान सीएचसी परिसर में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और प्रभारी चिकित्साधिकारी को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
विशेष सचिव ने ब्लॉक सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की स्थिति जानी। उन्होंने लंबित योजनाओं और अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय देवखर और आरआरसी का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। उन्होंने पोषण एवं बाल विकास योजनाओं का लाभ सभी पात्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
इसके बाद सीएचसी विक्रमजोत पहुंचे विशेष सचिव ने अस्पताल में साफ-सफाई की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी। साथ ही मरीजों से बातचीत कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. राजीव निगम, बीएसए अनूप कुमार त्रिपाठी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अतुल सिंह, बीडीओ संदीप कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।