विशेष सचिव सिंचाई ने किया तटबंधों का निरीक्षण
बाढ़ से पहले परियोजनाओं को पूरा करने के दिए निर्देश
बोले विशेष सचिव, सीएम के समक्ष रखी जाएगी जांच आख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। विशेष सचिव सिंचाई जल संसाधन अविनाश कृष्ण सिंह ने ब्लॉक क्षेत्र के अति संवेदनशील तटबंध कटरिया-चांदपुर व गौरा-सैफाबाद तटबंध का शुक्रवार दोपहर में निरीक्षण किया। दोनों तटबंधों पर चल रहीं परियोजनाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और सभी कार्य बाढ़ से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मौजूद बाढ़ खंड अधिकारियों से कहा कि बांध के किनारे नदी में ठोकरें बनाकर साइड व तली में पत्थर लगाकर ही बांध को कटने से रोका जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि मरम्मत सामग्री को स्टोर करने का काम अभी से शुरू कर दें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अभियंता दिनेश कुमार से कहा कि निरीक्षण आख्या सीएम के समक्ष रखी जाएगी। इस मौके पर एसडीओ जितेंद्र कुमार, हरिश्चंद्र, अवर अभियंता विजय प्रकाश, संजय यादव, स्वप्निल श्रीवास्तव, लवकुश सिंह, बबलू शुक्ला आदि मौजूद रहे।
मंत्री के निरीक्षण के बाद युद्धस्तर पर शुरू हुआ काम
जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार देर शाम दोनों तटबंधों पर चल रहीं परियोजनाओं का निरीक्षण किया था। मंत्री की फटकार के बाद बाढ़ खंड ने कार्यों में तेजी दिखाई है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में मजदूर तटबंध पर काम करते देखे गए। ब्लॉक क्षेत्र के बंजरिया सूबी ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि नीरज सिंह व विधायक सीए चंद्र प्रकाश शुक्ल ने मंत्री को ज्ञापन देकर तटबंधविहीन विशुनदासपुर का पुरवा को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की मांग की है।