बस्ती। जिले के चौदह ब्लॉकों में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए शुक्रवार को
नामांकन कराया गया। सदर ब्लॉक से सपा जिलाध्यक्ष राजकपूर यादव की पत्नी
प्रेमा देवी, कुदरहा से पूर्व जिला पंचायत सदस्य ब्रह्मदेव यादव की माता
मुराती देवी, बनकटी में सपा प्रत्याशी के रूप में पूनम सिंह और सल्टौआ
ब्लॉक में अशोक कुमार मिश्र ने सपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में नामांकन
किया। इनके विरोध में नामांकन न होने से इनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया
है।
सांऊघाट में बसपा विधायक जितेंद्र कुमार चौधरी की पत्नी और
बेटे के पर्चा दाखिला के बाद सपा प्रत्याशी की राह कठिन हो गई है। वहीं
बसपा की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। हालांकि परिणाम की आधिकारिक घोषणा
सात फरवरी को ही होगी। सभी ब्लॉकों में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी और कड़ी
सुरक्षा के बीच दिन में तीन बजे तक नामांकन कराया गया।
बस्ती सदर
ब्लॉक में सपा जिलाध्यक्ष की पत्नी प्रेमा देवी ने अपने समर्थकों और
प्रस्तावकों के साथ दिन में साढ़े बारह बजे नामांकन पत्र दाखिल किया।
भानपुर
प्रतिनिधि के अनुसार, रामनगर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए निवर्तमान प्रमुख
रामनरेश चौधरी ने सपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। इनके
मुकाबले बसपा समर्थित विद्यावती चौधरी ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच
नामांकन पत्र दाखिल किया।
यहां पर एआरओ आरएन मल्ल, सीओ रुधौली एसएन
सिंह व थानाध्यक्ष निर्भय नारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक
अमला डटा रहा। एसडीएम भानपुर सुरेश चंद्र शर्मा एवं तहसीलदार इरफान उल्ला
खां ने प्रक्रिया की निगरानी की।
मानिकचंद प्रतिनिधि के अनुसार,
बसपा के सदर विधायक जितेंद्र कुमार उर्फ नंदू चौधरी की पत्नी दर्शना देवी
और उनके लड़के लवकुश पटेल ने दो-दो सेट में नामांकन किया। सपा समर्थित
किशोरा देवी पत्नी संत प्रसाद त्रिपाठी ने चार सेट में नामांकन किया। इस
दौरान उनके समर्थक बाहर जमे रहे।
छावनी प्रतिनिधि के अनुसार,
विक्रमजोत ब्लॉक में शांतिपूर्ण नामांकन की प्रक्रिया पूरी हुई। सपा
समर्थित धर्मेंद्र सिंह और अन्य दलों के समर्थन से भरतलाल चौधरी ने नामांकन
किया। एआरओ कफील अहमद ने बताया कि धर्मेंद्र सिंह ने अपने नाम से चार
पर्चे जमा किए जबकि भरतलाल ने दो। नामांकन के दौरान थानाध्यक्ष आरके गौतम
मय फोर्स जमे रहे।
सल्टौआ और सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार, सपा
समर्थित प्रत्याशी अशोक कुमार मिश्रा ने अपने समर्थक और प्रस्तावक के साथ
दिन में नामांकन दाखिल किया। सहायक निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार के समक्ष
दो सेटों में नामांकन किया। इनके अलावा दूसरा कोई नामांकन नहीं किया, जिससे
इनका निर्विरोध प्रमुख चुना जाना तय है। नामांकन के दौरान ब्लॉक परिसर में
एसडीएम सुरेशचंद्र शर्मा, बीडीओ सुशील कुमार पांडेय, वाल्टरगंज और सोनहा
पुलिस मौजूद रही।
सपा प्रत्याशी को समर्थकों ने फूल माला पहनाकर
स्वागत कर खुशी मनाई। इस मौके पर योजना आयोग के उपाध्यक्ष रहे पूर्व विधायक
रामललित चौधरी, पूर्व विधायक अनूप कुमार पांडेय, सपा नेता अजय कुमार
पांडेय, लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव प्रमोद यादव आदि मौजूद रहे।
गौर
प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक प्रमुख के लिए पति-पत्नी समेत तीन लोगों ने
नामांकन किया है। ऐसे में गौर ब्लॉक प्रमुख पद पर कांटे की लड़ाई हो गई है।
समाजवादी पार्टी के समर्थित प्रत्याशी निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख महेश सिंह
के पुत्र अरविंद सिंह और बहू विजयकांति सिंह के अलावा जटाशंकर शुक्ल ने भी
नामांकन किया। इससे अब यहां पर लड़ाई रोचक हो गई है।
सहायक
निर्वाचन अधिकारी महेंद्र यादव ने बताया कि तीनों प्रत्याशियों ने दो-दो
सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया है। शनिवार को दिन में 11 बजे से 3 बजे तक
नाम वापसी होगी। इस दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट आरएस लाल, बीडीओ प्यारेलाल,
प्रभारी निरीक्षक गौर रमेश पुलिस बल के साथ डटे रहे।
दुबौलिया
प्रतिनिधि के अनुसार, सपा की घोषित प्रत्याशी गीता यादव पत्नी तालेबन यादव
ने अपने प्रस्तावक और अनुमोदक के साथ नामांकन किया। वहीं कांति यादव ने भी
नामांकन दाखिल किया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद
के उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, राजेश यादव, मोहम्मद स्वालेह, मोहम्मद अकरम,
धर्मेंद्र चौधरी, बलराम चौधरी आदि मौजूद रहे। बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार,
सपा समर्थित पूनम सिंह पत्नी पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश बहादुर सिंह ने
नामांकन प्रक्रिया पूरी की।
कुदरहा प्रतिनिधि के अनुसार, सपा
समर्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य ब्रह्मदेव यादव की मां मुराती देवी ने
नामांकन किया। एआरओ जयकृष्ण शुक्ल ने नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराई। इस
दौरान अनिल दुबे, जामवंत यादव, फूलचंद यादव, पिंटू तिवारी, राजेश यादव आदि
मौजूद रहे।
परशुरामपुर प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक प्रमुख पद के
लिए कुल चार उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया। इनमें राधेश्याम पुत्र
लालता ग्राम खड़वाकुंवर, रामपाल पुत्र मनीराम, रामयज्ञ पुत्र बहाल,
विंध्यवासिनी पत्नी शशि कुमार ने नामांकन किया।
एआरओ अनिल कुमार
सिंह ने बताया कि रामयज्ञ तथा राधेश्याम ने दो-दो सेट पर्चे दाखिल किए हैं।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस सीट के लिए एकमात्र महिला प्रत्याशी
विंध्यवासिनी मैदान में हैं।