बस्ती/ रुधौली। विशुनपुरवा चौकी इलाके में व्यापारी के घर डाका डालने का पोस्टर चिपकाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। इसे देखते हुए शनिवार रात को एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी एएसपी ओमप्रकाश सिंह के साथ चौकी पर पहुंचे। वहां पुलिस की गश्त और पेट्रोलिंग का जायजा लिया। वहीं गांव पहुंचकर धमकी वाले पोस्टर के बारे में जानकारी हासिल की। इस मामले की गहनता से छानबीन कर इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र और चौकी प्रभारी संदीप यादव को निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में पुलिस गश्त को और बढ़ाया जाय। गांव में ग्राम सुरक्षा समिति का गठन करके उनके साथ थाने का सिपाही और ग्राम प्रहरी गांव में रात्रि गश्त करें। गांव में आने जाने वाले संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ करें। गांव में होने वाले हर गतिविधियों पर नजर रखी जाए। ताकि घटनाओं पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके। साथ ही क्षेत्र का भ्रमण कर ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक किया करें।