बहादुरपुर द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य राजेश पटेल ने दर्ज कराया है मुकदमा
सदस्य ने पत्नी व भाई को घर में घुस कर मारने का लगाया है आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरपुर/ बस्ती। कलवारी पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य की तहरीर पर सपा जिलाध्यक्ष व उनके भाई पर घर में घुस कर मारने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। बहादुरपुर द्वितीय सीट से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए राजेश पटेल निवासी पठानपुर ने कलवारी थाने में रविवार देर शाम इस संबंध में तहरीर दी थी।
आरोप है कि रविवार को सपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र नाथ यादव व उनके भाई जीतेन्द्र यादव दलबल के साथ उनके आवास पठानपुर पहुंचे। जहां उनकी मां, पत्नी तथा भाई मिले। गाली देते हुए कहा कि राजेश को तुरंत बुलाओ। उसके बाद पत्नी व भाई को घर में घुसकर मारा पीटा। जाते समय कहा कि राजेश का मुंह देख नहीं पाओगे। महेन्द्र दोबारा आने की बात कह कर गए हैं।
राजेश ने तहरीर में कहा कि वह घर से बाहर हैं उनके परिवार को जान माल का खतरा है। थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार शाही ने बताया पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।