सांसद हरीश द्विवेदी बातचीत करते।
- फोटो : अमर उजाला
सांसद हरीश द्विवेदी ने बस्ती पुलिस पर सपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया है। कहा कि सत्ताधारी दल के एक मंत्री के इशारे पर निर्दोष लोगों को फर्जी मुकदमें में फंसाकर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। सोमवार को भाजपा का प्रतिनिधि मंडल एसपी से मिल अपना विरोध दर्ज कराएगा, इसके बाद भी स्थितियां नहीं बदली तो निर्णायक संघर्ष छेड़ा जाएगा।
सांसद हरीश द्विवेदी विकास भवन स्थित अपने कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि एक ओर जहां मथुरा में पुलिस अफसर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते शहीद हो गए, वहीं बस्ती में पुलिस खासकर हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के थानेदार मंत्री के इशारे पर लोगों का उत्पीड़न कर रहे है। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के प्रधान, पूर्व प्रधान और अन्य लोगों को फर्जी मुकदमें में फंसाया गया है। इन पर जबरन मंत्री का समर्थन करने का दबाव डाला जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री के विरुद्ध फेसबुक पर अमर्यादित और अभद्र टिप्पणी करने वाले एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के सवाल पर सांसद ने कहा कि वह इस तरह की टिप्पणी का समर्थन नहीं करते, मगर युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज करना गलत है। यह सत्ता की निरंकुशता और जंगलराज नहीं तो क्या है। हर्रैया पुलिस ने भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ध्रुव सिंह के होटल पर हमला हुआ, पुलिस ने उल्टे ध्रुव सिंह के परिवार वालों पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया। बस्ती पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को लक्ष्य बनाकर उत्पीड़न की कार्रवाई कर रही है। पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करने वाली है। वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पवन कसौधन भी मौजूद रहे।
सांसद से सुनाई पीड़ा
परशुरामपुर थाना क्षेत्र के कई ग्राम पंचायतों के लोगों ने रविवार को सांसद हरीश द्विवेदी से मुलाकात कर अपनी पीड़ा सुनाई। धरमपुर के प्रधान सियाराम यादव ने कहा कि पुलिस ने उन पर दो फर्जी मुकदमे लगाकर गुंडा एक्ट लगाने की धमकी दे रही है। नरायनपुर के पूर्व प्रधान दोस्त मोहम्मद ने पुलिस ने उन्हे फर्जी मुकदमें में फंसाकर थाने पर मारा पीटा और बाद में जेल भेज दिया। लोहरौली के प्रधान राजाराम तिवारी पर दो फजी मुकदमा लगाने के बाद गुंडा एक् की कार्रवाई की गई। अब असलहे के लाइसेंस के निरस्तीकरण की धमकी दी जा रही है। इसके अलावा ढ़ेलहूपुर के रामसुुरेमन, सेहरिया के रामबोध गुप्ता आदि ने परशुरामपुर पुलिस की ज्यादती की कहानी सांसद को सुनाई। सांसद ने इस मामले में सीएम को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण से अवगत कराते हुए मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।