गोयरी गांव निवासी श्यामनरायन शुक्ल के अनुसार, नौ नवंबर की शाम वह जसईपुर गांव में निमंत्रण में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि अठदमा गांव में गुड़ियवा तालाब के पूरब पहले से घात लगाए अवधेश पाठक, शुभम पाठक, रामेश्वर पाठक, सुंदरम पाठक और दो-तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसी दौरान अवधेश पाठक ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया।
आरोप है कि रामेश्वर पाठक के ललकारने पर शुभम पाठक ने कुल्हाड़ी से वार किया। श्यामनरायन शुक्ल गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए।
शोर सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते भाग गए। थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद और दो-तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घायल कक्कू को जिला अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चिकित्सकों के अनुसार, सिर और शरीर में चोट के निशान हैं। घटना के बाद मंगलवार को जिला अस्पताल में सपा नेताओं का जमावड़ा रहा। घटना को लेकर पुलिस भी अलर्ट रही।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हो चुका है। 25 अप्रैल को पंचायत भवन में वोटर लिस्ट संशोधन का कार्य चल रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट और कॉलर पकड़ने का मामला सामने आया था। इस प्रकरण में स्थानीय कर्मी की तहरीर पर विपक्षी युवकों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसकी विवेचना अभी लंबित है।
बताया जा रहा है कि पुराने मुकदमे की विवेचना आगे बढ़ाने और उसे अंतिम रूप देने को लेकर भी दोनों पक्षों में तनाव था। हालांकि, ताजा हमले के पीछे की वजह की पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। श्यामनरायन शुक्ल वर्तमान में प्रधान प्रतिनिधि हैं। उनकी बेटी आकृति गांव की प्रधान हैं।